लोन दिलाने के नाम पर ठगी के मामले में पीड़ित महिलाएं।
- फोटो : SAHARANPUR
लोन दिलाने के नाम पर महिलाओं से ठगी
सहारनपुर। जिले में ठगी करने वाले गिरोह लगातार सक्रिय हैं। अब पुवांरका ब्लॉक के गांव चंद्रौली में कई महिलाओं से लोन दिलाने के नाम पर ठगी की गई है। पीड़ित महिलाओं ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। इससे पहले सब्दलपुर गांव में महिलाओं के साथ ठगी कर चुके हैं। ये लोग बैंकों के एजेंट बनकर और सरकारी योजनाओं के नाम पर ग्रामीणों को झांसे में लेकर वसूली की जा रही है।
चंद्रौली गांव की कुछ महिलाएं मंगलवार को पुलिस लाइन पहुंचीं। उन्होंने एसएसपी के नाम पत्र देकर ठगी के मामले की शिकायत की। उन्होंने बताया कि लखनौती निवासी सोनू नाम का युवक और कुछ अन्य लोग उनके पास आए थे। इनकी ओर से स्वयं सहायता समूह के नाम पर लोन दिलाने का झांसा दिया गया। इसके लिए उन्होंने महिलाओं के जरूरी दस्तावेज तक ले लिए। उनसे कहा गया कि 10-10 हजार रुपये का लोन दिलवाया जाएगा।
महिलाओं के मुताबिक इस प्रक्रिया के नाम पर उनसे 500-500 रुपये तक वसूले गए हैं। ठगी करने वाले चिलकाना रोड सहित अन्य जगहों से जुड़े बैंकों के एजेंट होने का दावा करते रहे, लेकिन अब वे फरार हो गए हैं। महिलाओं को न तो उनके जरूरी दस्तावेज मिले हैं, न ही लोन। उन्होंने ठगी करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। इस मामले में साइबर टीम से जांच कराने का आश्वासन दिया गया।
---------
ग्राम प्रधान भी ठगी से बचने को जागरूक करें
- साइबर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार कहते हैं कि जिले में लोन और नौकरी दिलवाने के अलावा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, आय दोगुनी करने सहित अन्य तरह के प्रलोभन देकर ठगी की जा रही है। इसलिए लोग ऐसे ठगों के प्रति जागरूक रहें। बिना पूरी पड़ताल के न तो उन्हें पैसा दें और न ही अपने जरूरी दस्तावेज। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों से भी अपील करवाई जाएगी कि वे ऐसे ठगों को गांवों में घुसने से रोकें और लोगों को जागरूक करते रहें।