छुटमलपुर में रिजवान को हिम्मत बंधाते पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान। श्रोत कार्यकर्ता
छुटमलपुर। पूर्व सांसद और सपा नेता हाजी फजलुर्रहमान ने उत्तराखंड के श्रीनगर में धार्मिक कट्टरता का शिकार हुए छुटमलपुर निवासी रिजवान अहमद के घर पहुंच उससे घटना की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप से फोन पर वार्ता की। इस दौरान पूर्व सांसद ने कहा कि धर्म के नाम पर मॉब लिंचिंग करने वालों को फांसी की सजा दी जाए।
बता दें कि 15 अगस्त को छुटमलपुर निवासी ट्रक ड्राइवर रिजवान अहमद के साथ श्रीनगर में तीन युवकों ने मारपीट करते हुए अमानवीय व्यवहार किया था। जबरन धार्मिक नारे लगवाने के साथ ही उनकी दाढी काटने का प्रयास किया था। इस मामले में वहां की पुलिस ने आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। पीड़ित के घर पहुंचे पूर्व सांसद ने कहा कि इस तरह की घटनाओं की रोकथाम बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में धर्म विशेष के लोगों में भय का माहौल है, जो लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ है। उन्होंने मांग की कि इस घटना की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। साथ ही प्रभावित व्यक्ति को सुरक्षा और मुआवजा मिले।
इस दौरान बेहट नगर पंचायत चेयरमैन अब्दुल रहमान शालू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राव बाबर एडवोकेट, कारी आबिद, हाजी नवाब अंसारी, अथहर अली, नसीम गौड़, जहांगीर अंसारी, फिरोज़ खान आदि उनके साथ रहे।