अवैध खनन, धोखाधड़ी, डकैती, लूट, चोरी एवं दुष्कर्म सहित कई मामलों में आरोपी पूर्व एमएलसी महमूद अली को सहारनपुर जिला कारागार से चित्रकूट जेल में भेजा गया है।
खनन माफिया व पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल उर्फ बाल्ला के भाई महमूद अली को पुलिस ने 18 जुलाई को मुंबई से गिरफ्तार किया था। महमूद अली के खिलाफ थाना मिर्जापुर, बेहट, महिला थाना सहित अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं। इनमें अवैध खनन, धोखाधड़ी, चोरी, लूट, मारपीट, जमीन कब्जाने, रंगदारी मांगने व दुष्कर्म सहित अनेक मामले दर्ज हैं।
उसके बड़े भाई हाजी इकबाल और उसके पुत्रों के खिलाफ कई मुकदमे कोर्ट में चल रहे हैं। पुलिस हाजी इकबाल के तीन पुत्रों जावेद, अलीशान, अफजाल और उसके भाई महमूद अली को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन हाजी इकबाल फरार चल रहा है। जिस पर हाल में ही डीआईजी की ओर से 50 हजार का इनाम घोषित किया गया है।
यह भी पढ़ें: आंखों देखा मंजर: जिंदगी बची तो छलक पड़े आंसू, बोले- सामने थी मौत, कभी भूल नहीं पाएंगे ये हादसा, देखें तस्वीरें
वरिष्ठ जेल अधीक्षक अमिता दुबे ने बताया कि पूर्व एमएलसी महमूद अली को चित्रकूट जेल भेजने के शासन ने निर्देश दिए थे। सोमवार को शासन का पत्र मिला था। मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के साथ ही महमूद अली को चित्रकूट की जेल में भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: UP: कभी बसपा को बताया था लुटेरों का गिरोह, इमरान मसूद अब खुद बने 'हाथी' के महावत, मेयर-सांसद सीट पर निगाहें