पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल पर किशोरी से दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज
सहारनपुर। खनन माफिया पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल उर्फ बाल्ला के खिलाफ अब किशोरी से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस हाजी इकबाल, उनके भाई पूर्व एमएलसी महमूद अली के अलावा उसके एक बेटे वाजिद को कई मामलों में तलाश रही है। तीन बेटों अलीशान, जावेद और अफजाल को गिरफ्तार कर पहले जेल भेजा जा चुका है।
एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि पीड़ित पक्ष ने हाजी इकबाल पर अपनी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने की शिकायत की है। मामला पुराना है। शिकायत की जांच के बाद बुधवार रात मिर्जापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
हाजी इकबाल एंड एसोसिऐट की जांच के लिए एसएसपी ने एसआईटी का गठन किया है। पुलिस हाजी इकबाल व उसके बेटों की हिस्ट्रीशीट खोलने के साथ ही गैंगस्टर की भी कार्रवाई कर चुकी है। गैंगस्टर एक्ट में पुलिस प्रशासन हाजी इकबाल द्वारा नौकर नसीम समेत अन्य लोगों के नाम कराई गई 128 करोड़ रुपये की 174 बेनामी संपत्तियां जब्त कर कब्जे में ले चुका है।