सहारनपुर। पूर्व विधायक विमला राकेश की पुत्री सुमनलता ने कुछ लोगों पर धमकी देने और घर में घुसकर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली सदर बाजार में तहरीर दी है।
शहर की चंद्रनगर कॉलोनी निवासी सुमनलता का कहना है कि 29 मार्च को लोग होली की शुभकामनाएं देने उनके घर आ रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग आए, जिनको वह और उनके परिवार के लोग नहीं जानते थे। उनके पुत्र ने उन्हें घर में आने से रोका तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी और बाहर जाकर पत्थर मारकर कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद आरोपियो ने फोन पर उसके पुत्र को जान से मारने की धमकी दी। सुमनलता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
-------
- बैनामे का विरोध करने पहुंचा दूसरा पक्ष
सहारनपुर। शहर में घंटाघर के पास एक होटल की जमीन का बुधवार को एक पक्ष बैनामा कराने पहुंचा तो दूसरा पक्ष विरोध करने पहुंच गया। दूसरे पक्ष से संयम कक्कड़ ने दावा किया कि फर्जी वसीयत के आधार पर बैनामा करने की कोशिश की जा रही है। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग सहायक महानिरीक्षक स्टांप (एआईजी) के पास भी पहुंचे और अपना पक्ष रखा। बैनामा करने पहुंचने वालों का कहना था कि उनके पास वसीयत सही है, उसी के आधार पर बैनामा करने आए हैं। जबकि संयम कक्कड़ का कहना था कि वसीयत रजिस्टर्ड नहीं है और यह मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है।
-------
- तमंचा और कारतूस सहित दबोचा जिला बदर घोषित आरोपी
सहारनपुर। कोतवाली देहात पुलिस ने गांव शेखपुरा कदीम से आरोपी आकिल को तमंचा और कारतूस सहित गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आकिल के खिलाफ गोवध अधिनियम सहित कई मामले दर्ज हैं। इसी कारण उसको प्रशासन ने जिला बदर घोषित किया था। इसके बावजूद आरोपी अपने गांव में घूम रहा था। मुखबिर की सूचना पर उसको गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है।