बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। एक ग्रामीण ने वन विभाग के कर्मचारियों पर पेड़ कटान की शिकायत से क्षुब्ध होकर मारपीट करने और तस्करी के झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर, वन संरक्षक ने बताया कि आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ जांच बैठा दी गई है। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खुशहालीपुर निवासी तेजपाल सिंह ने दी तहरीर में बताया कि उसने एक पखवाड़े पूर्व शिवालिक वन प्रभाग की मोहड रेंज से सागवान के भारी भरकम पेड़ों का अवैध रूप से कटान होने की शिकायत मंडलायुक्त से की । इसकी जांच के लिए बुधवार की शाम विभाग के एसडीओ रेंज कार्यालय पहुंचे । आरोप है कि एसडीओ के जाने के बाद नाराज वन विभाग के कुछ कर्मचारी उसके घर पहुंचे और उसे बहाने से जंगल में ले गए। वहां उन्होंने उसके साथ मारपीट की और जानवरों के सींग की तस्करी में फंसाने की धमकी दी। उसे शिकायत वापस लेने के लिए धमकाया। किसी तरह पीड़ित उनके चंगुल से छुटा और थाने में पहुंच कर आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ घटना की तहरीर दी।
बिहारीगढ़ थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि ग्रामीण की वन कर्मियों के खिलाफ तहरीर मिली है। शिकायत की जांच की जा रही है। तथ्य के आधार पर कार्रवाई होगी। इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी मोहंड से संपर्क का प्रयास किया तो उनका मोबाइल नहीं मिल सका। उधर, वन विभाग के वन संरक्षण वीके जैन ने बताया कि उन्हें भी ग्रामीण की शिकायत मिली है। आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ जांच बैठा दी गई है। यदि जांच में शिकायत सही पाई गई तो कड़ी कार्रवाई होगी।