संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिला अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हिमांशु पंत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले का थाना जनकपुरी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हिमांशु के दोस्त अनुराग गुप्ता और मयंक ने उधार लिए 45 हजार रुपये का तकादा करने पर मारपीट करने के बाद गला दबाकर हिमांशु की हत्या कर दी थी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एसपी सिटी राजेेश कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल परिसर निवासी हिमांशु पंत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। सोमवार की देर रात फोन आने पर वह अपने दोस्त अनुराग गुप्ता निवासी जनकनगर के घर गया था, लेकिन वह घर नहीं लौटा था। हिमांशु की मां विमला ने रात 11 बजे हिमांशु से फोन पर बात की थी, तब हिमांशु ने कहा था कि थोड़ी देर में वापस आ जाएगा, लेकिन वह घर नहीं लौटा। मंगलवार की सुबह हिमांशु को मृत अवस्था में उसका दोस्त अनुराग गुप्ता जिला अस्पताल लेकर पहुंचा था। मृतक की मां ने जहरीला इंजेक्शन देकर हत्या करने का आरोप लगाया था। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हिमांशु की नाक की हड्डी टूटने और गला दबने पर मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस ने अनुराग गुप्ता को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने बताया कि हिमांशु से उसने व एक अन्य दोस्त मयंक ने 45 हजार रुपये उधार लिए थे। इसका तकादा करने पर ही अनुराग व मयंक ने हिमांशु की पिटाई के बाद गला दबाकर हत्या की। पुलिस ने उस तकिए को भी बरामद किया, जिससे हिमांशु का गला दबाया गया था। फरार आरोपी मयंक की गिरफ्तारी को पुलिस टीम दबिश दे रही हैं।