खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को मिलेगा नवजीवन
सहारनपुर।
उद्यान विभाग बंद खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को नया जीवन देने की तैयारी में हैं। इसके लिए प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने से लेकर नई इकाई लगाने पर उद्यमियों को दस लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। जनपद को 100 इकाइयों का लक्ष्य दिया है। इन इकाइयों के लगने से जिले के फल, सब्जियों और शहद उत्पादकों को लाभ होगा।
जनपद में फलों, सब्जियों और शहद का बड़े पर उत्पादन होता है। प्रति वर्ष आंधी सहित अन्य कारणों से आम और अन्य फल अपरिपक्व अवस्था में ही गिर जाते हैं। इस कारण किसान को बाजार में उचित दाम नहीं मिल पाते है। इसी प्रकार की स्थिति सब्जियों को लेकर भी है। जबकि उनसे अचार, मुरब्बा, चटनी से लेकर अन्य उत्पाद बनाए जा सकते हैं। इससे उद्यमियों के साथ किसानों को लाभ होगा।। इसके लिए उद्यान विभाग प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना में 30 लाख रुपये तक की खाद्य प्रसंस्करण इकाई को लगाने पर 10 लाख रुपये का अनुदान देगा। इसमें लाभार्थी को लागत का 10 प्रतिशत स्वयं और शेष बैंक से ऋण लेना होगा। इसमें 70 पुरानी और 30 नई इकाइयों को योजना में शामिल किया जाएगा।
इस योजना में करीब तीस खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को शामिल किया है। इसमें बेकरी उद्योग, पशु एवं मुर्गी चारा उद्योग, चावल मिल, मक्का प्रसंस्करण, दूध उत्पाद, फल प्रसंस्करण, हर्बल उद्योग रखे गए हैं। इसके अलावा मशरूम एवं मशरूम प्रसंस्करण, आयल सीड आधारित उत्पाद, सोयाबीन, मसाला, सब्जी आधारित, फ्लोर मिल, हनी प्रोसेसिंग, नमकीन, मिठाई, अचार, मुरब्बा, सिरका आधारित उद्योग आदि शामिल हैं।
- वर्जन --
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना में उद्यमियों को 10 लाख रुपये का का अनुदान मिलेगा। योजना का लाभ लेकर उद्यमी बंद इकाइयों को नया जीवन दे सकते हैं। अपनी इकाइयों की क्षमता बढ़ाने के साथ नई इकाई भी लगा सकते हैं। -- अरुण कुमार, जिला उद्यान अधिकारी।
जिले में बागों का रकबा हेक्टेयर में --
फल ----------- क्षेत्रफल
आम ------------25000
अमरूद ---------2600
लीची ----------- 2550
आडू -------------250
-- सब्जियों का रकबा हेक्टेयर में --
सब्जी -------------- रकबा
आलू ----------------- 520
टमाटर --------------- 200
फूल एवं पत्ता गोभी --- 5000
मिर्च ----------------- 250
गाजर --------------- 2000
करेला ---------------- 2250
शलजम ------------- 500
मूली ----------------- 550
नोट: आंकडे उद्यान विभाग के अनुसार।