सहारनपुर। ट्रेनों पर कोहरे का साया पड़ने लगा है। कोहरे को ध्यान में रखकर रेलवे विभाग ने जन शताब्दी सहित आठ ट्रेनों को एक दिसंबर से 28 फरवरी तक निरस्त कर दिया है। बृहस्पतिवार से यह ट्रेनें रद्द रहेंगी। इससे सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक सुबह और शाम के समय शहर के आउटर पर कोहरा पड़ना शुरू हो गया है। मौसम विभाग से जानकारी मिली है कि इस बार कोहरा अधिक पड़ेगा। इसे देखते हुए रेल प्रशासन ने एक दिसंबर से 28 फरवरी तक सहारनपुर से होकर जाने वाली अमृतसर - हरिद्वार जन शताब्दी, जालंधर-नई दिल्ली सुपर, अमृतसर-गोरखपुर, लखनऊ-चंडीगढ़, अमृतसर-कोलकत्ता, अमृतसर-लालकुआं एक्सप्रेस ट्रेनों को 28 फरवरी तक निरस्त किया है। कोहरे में ट्रेनों की धीमी गति से चलने के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित होता है। वहीं, ट्रेनें निरस्त होने के कारण यात्रियों को बस में सफर करने को मजबूर होना पड़ेगा। सीनियर डीसीएम हरि मोहन ने बताया कि कोहरे की वजह से ट्रेनों को निरस्त किया गया है।