नागल पांडोली में निर्माणाधीन सड़क की खुदाई कर प्रयोग में लाई सामग्री देखते लोनिवि अधिकारी। स्रो
नागल। पांडोली मदरसे से कुतुबपुर लबडोला गांव तक लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जा रही सड़क का निर्माण कार्य रुकवाने के बाद शनिवार को अधिकारी जांच के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क की खोदाई कर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता परखी। खामियां मिलने पर ठेकेदार के सहयोगी को फटकार लगाते हुए मानकों के अनुरूप सड़क निर्माण के निर्देश दिए। बता दें, कि एक माह पहले उक्त सड़क के निर्माण में मानकों की अनदेखी के आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने काम रुकवा दिया था। इसके बाद उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को लिखित में शिकायत की थी। इस पर विभाग के एई भूपेश चौधरी, जेई सचिन पंवार के साथ शुक्रवार शाम मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। किसान नेता अंकुर चौधरी ने उन्हें बताया कि ठेकेदार द्वारा डस्ट की जगह मिट्टी का प्रयोग किया जा रहा है। जेसीबी से आसपास के खेतों से मिट्टी लाकर निर्माणाधीन सड़क पर डाली जा रही है जिसके चलते सड़क तो बन जाएगी, लेकिन कुछ महीनों बाद ही सड़क क्षतिग्रस्त हो जाएगी।
अधिकारियों ने मौजूद ठेकेदार के सहयोगी से सड़क को खोदने के लिए कहा गया तो वहां पत्थर के नीचे मिट्टी ही निकली इसको देख एई भूपेश चौधरी के तेवर बदल गए। उन्होंने ठेकेदार के सहयोगी को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने ग्रामीणों से वायदा किया कि पूरी सड़क का जितना भी कार्य किया गया है, उसको तोड़कर दोबारा मानकों के अनुरूप कराया जाएगा। यदि ठेकेदार ऐसा नहीं करता तो उसे ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा।