मुठभेड़ में पांच हजार के इनामी को लगी गोली
बेहट (सहारनपुर)। पुलिस और क्राइम ब्रांच के साथ हुई मुठभेड़ में पांच हजार का इनामी बदमाश टांग में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी बचकर भाग निकला। पुलिस को मौके से बाइक, पिस्टल और चार कारतूस मिले हैं।
गिरफ्तार बदमाश रवि बेहट कोतवाली के गांव फतेहपुर कलां का रहने वाला है। वह मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव जाटोवाला में स्टोन क्रशर व्यवसायी रामकुमार गुप्ता के यहां 20 जून की रात हुई डकैती में शामिल था। वारदात के बाद से वांछित चल रहा था। उस पर पांच हजार का इनाम घोषित किया गया था। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली कि बिना नंबर की बाइक पर दो बदमाश शाकंभरी रोड पर जा रहे हैं। बेहट और मिर्जापुर थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम ने पीछा किया। घेराबंदी होने पर बदमाश गांव भागूवाला से जंगल की तरफ भागने लगे। बदमाशों ने पुलिस पर फायर किए तो जवाबी कार्रवाई में पुलिस की तरफ से भी फायरिंग की गई। रवि गोली लगने से घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका साथी भाग निकला। रवि के खिलाफ कोतवाली देहात, गागलहेड़ी, चिलकाना, बेहट, सदर बाजार मिर्जापुर व सरसावा में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट आदि के तहत विभिन्न मामले दर्ज हैं। आरोपी के पास से जो बाइक बरामद हुई है, वह भी चोरी की है।
मुठभेड़ के बाद मौके पर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम- फोटो : SAHARANPUR
बेहट में मुठभेड़ में घायल बदमाशों की बाइक- फोटो : SAHARANPUR
मुठभेड़ में पकड़ा गया बदमाश- फोटो : SAHARANPUR