उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में फाग वाले दिन तीन सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा गागलहेड़ी देवबंद स्टेट हाईवे पर हुआ, जिसमें कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दूसरे हादसे में बेहट के आनंद बाग में बाइक और एक्टिवा की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार युवक घायल हो गए। वहीं मंगलवार को कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। तीनों मृतिकों के परिजनों में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सहारनपुर के नजरपुर हिम्मतनगर निवासी विशाल (22 वर्ष) पुत्र नाहर सिंह अपने मित्र अभिषेक (23 वर्ष) पुत्र रमेश के साथ थाना नागल क्षेत्र के गांव नगली मेहनाज रिश्तेदारी में जा रहा था। दोपहर करीब एक बजे खटोली मोड़ की तरफ मुड़े थे, तभी देवबंद की ओर से आ रही कार से उनकी बाइक टकरा गई। दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि बाइक चालक ने हेलमेट लगाया हुआ था। घटना के बाद ग्रामीण इकट्ठा हो गए और चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
दूसरा हादसा सोमवार शाम पांच बजे आनंद बाग के पास हुआ। सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र की अमन कॉलोनी निवासी कलीम (20 वर्ष) पुत्र अजीम, फईम पुत्र अब्दुल हाफिज और आमिर पुत्र हैदर सहारनपुर की तरफ जा रहे थे। बेहट में आनंद बाग के पास उनकी एक्टिवा थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव जोड़ियों महमूदपुर नगली निवासी अगम (22 वर्ष) पुत्र पाला की बाइक से टकरा गई। एक्टिवा सवार कलीम व बाइक सवार अगम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कलीम के साथ एक्टिवा पर सवार फईम व आमिर और बाइक पर सवार अगम के साथी उसके गांव के कुलदीप पुत्र जीराम व मांगा पुत्र रामपाल गंभीर घायल रूप से घायल हो गए। दोनों वाहनों पर ट्रिपलिंग की जा रही थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
यह भी पढ़ें: होली पर शहादत की खबर, गांव में पसरा मातम, पंचतत्व में विलीन हुआ बागपत का लाल, देखें तस्वीरें
उधर, नागल क्षेत्र के गांव बसेड़ा निवासी राजपाल कश्यप (65 वर्ष) गांव में साइकिल से फेरी कर सब्जी बेचने का कार्य करता था। मंगलवार सुबह करीब छह बजे नागल मंडी से सब्जी खरीदकर गांव लौट रहा था। चौधरी पेट्रोल पंप के करीब पहुंचा तो पीछे से कार ने टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि चालक कार समेत हिरासत में है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/