- सात नवंबर को गांगनौली और आठ को दया शुगर मिल चलेगी
- देवबंद, नानौता और शेरमऊ 09 नवंबर से पेराई शुरू करेंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिले की पांच चीनी मिलों ने गन्ना खरीद के लिए इंडेंट जारी कर दिया है। सरसावा सहकारी चीनी मिल में पेराई सत्र शुरू हो चुका है। अब सात नवंबर को गांगनौली, आठ को दया शुगर मिल और नौ नवंबर को देवबंद, नानौता और शेरमऊ चीनी मिल में भी गन्ना पेराई शुरू कर दी जाएगी।
दरअसल, जिले में चीनी मिलों के शुरू कराने के लिए पूर्व में 20 अक्तूबर की तारीख तय की गई थी, लेकिन उस दौरान बरसात होने से पेराई शुरू नहीं हो सकी थी। इसके बाद सरसावा स्थित सहकारी चीनी मिल ने पेराई शुरू कराई तो जिले की अन्य चीनी मिलों में भी पेराई शुरू कराने की तैयारी पूरी कर ली गई। इसी के चलते बाकी पांच चीनी मिलों की तरफ से भी गन्ना पर्चियों के लिए इंडेंट जारी कर दिया है।
जिला गन्ना अधिकारी कृष्ण मोहन मणि त्रिपाठी ने बताया कि गांगनौली शुगर मिल ने सात नवंबर, शेरमऊ शुगर मिल ने नौ एवं दस, गागलहेड़ी की दया शुगर मिल ने आठ और नौ नवंबर का इंडेंट जारी किया है। इसके अलावा त्रिवेणी शुगर मिल देवबंद एवं नानौता स्थित सहकारी शुगर मिल ने दस नवंबर का इंडेंट जारी कर दिया है।
अब 15 नवंबर तक भर सकते हैं घोषणा पत्र
सहारनपुर। गन्ना आयुक्त ने गन्ना किसानों के लिए ऑनलाइन घोषणा पत्र भरने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 15 नवंबर कर दिया गया है। पहले 30 अक्तूबर तक घोषणा पत्र भरा जाना था।
उप गन्ना आयुक्त डॉ. दिनेश्वर मिश्र ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए ऑनलाइन घोषणा पत्र भरने की तारीख को बढ़ाया है। अब 15 नवंबर तक किसान अपना घोषणा पत्र भर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने घोषणा पत्र नहीं भरा वे इसे तत्काल भर दें। ताकि उन्हें गन्ना सप्लाई करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।