बड़गांव (सहारनपुर)। बेलड़ा बुजुर्ग गांव में एक ही दिन में दो कैंसर पीड़ित महिलाओं की मौत हो गई। एक साथ दो मौतों से गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीण हिंडन नदी के गंदे पानी से खराब हो रहे भूजल स्तर को इसका कारण मान रहे हैं। गांव में इससे पहले भी कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से कई मौतें हो चुकी हैं।
बता दें कि बेलड़ा बुजुर्ग गांव हिंडन नदी के पूर्वी छोर किनारे बसा हुआ है। गांव निवासी जब्बार की 58 वर्षीय पत्नी अनवरी पिछले कई वर्ष से लीवर कैंसर से पीड़ित थी। परिजनों ने बताया कि लंबी बीमारी के चलते उसने उपचार के दौरान रविवार को दम तोड़ दिया। इसी गांव निवासी हैदर की 70 वर्षीय पत्नी वसीला की भी इस भयानक बीमारी के चलते मौत हो गई। ग्राम प्रधान तासीन ने बताया कि वसीला को भी कैंसर था जिसका इलाज हरियाणा के मुलाना अस्पताल में चल रहा था। जबकि अनवरी का मेरठ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। पूर्व प्रधान मोहर सिंह ने बताया कि गांव में इससे पहले भी नसीम, वकीला व उमर की भी कैंसर से मौत चुकी है। अभी कई लोग कैंसर की इस बीमारी से पीड़ित हैं। उन्होंने बताया कि हिंडन के गंदे पानी ने गांव को बर्बाद करके रख दिया है।