सहारनपुर। अलीगढ़ हादसे के बाद शासन गंभीर है। संभागीय परिवहन विभाग को अभियान चलाकर बिना फिटनेस स्कूली वाहनों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जांच में पता चला कि जिले में 35 स्कूलों के 165 वाहनों की फिटनेस खत्म हैं। ऐसे में इन स्कूलों को नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही शिक्षा व पुलिस विभाग को भी पत्र लिखा है।
अलीगढ़ में चलती स्कूल बस के टूटे फर्श से नीचे गिरकर उसी बस के पहिए की चपेट में आने से छात्रा की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद शासन ने सभी जिलों में स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच के निर्देश जारी किए गए। संभागीय परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों की फिटनेस का रिकॉर्ड खंगाला तो उसमें 165 वाहन ऐसे मिले, जिनकी अभी तक फिटनेस नहीं हुई है। यह वाहन करीब 35 स्कूलों के हैं।
अब विभाग ने स्कूलों को नोटिस जारी करते हुए वाहनों की फिटनेस कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 15 दिन का समय दिया है। इसके अलावा शिक्षा और पुलिस विभाग को भी वाहनों की सूची भेजी गई है, ताकि वह अपने स्तर से कार्रवाई करना सुनिश्चित कर सकें। विभागीय अधिकारियों ने यह भी कहा कि अगर किसी को फिटनेस कराने के लिए स्लॉट नहीं मिल रहा है तो वह कार्यालय में पहुंचकर स्लॉट ले सकता है। बिना फिटनेस स्कूली वाहन दौड़ते मिले तो सीज होंगे।
इन स्कूलों के वाहनों की फिटनेस खत्म
- दून इंटर कॉलेज, दून हिल एकेडमी, आरके पब्लिक स्कूल, आरके एजुकेशन, महावीर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, हर्ष मॉडल पब्लिक स्कूल, डीडीएम इंटर कॉलेज, संस्कार इंटरनेशनल स्कूल, कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल आदि।
जिले में 165 स्कूली वाहनों की फिटनेस खत्म हो चुकी है। संबंधित वाहनों के स्कूल प्रबंधक एवं प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी किए हैं। इसके साथ ही शिक्षा और पुलिस विभाग को भी बिना फिटनेस वाहनों की सूची उपलब्ध कराई गई है।
- रोहित कुमार सिंह, संभागीय निरीक्षक