सहारनपुर। गांव इस्माइलपुर स्थित दवा कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड सोमपाल हत्याकांड में कुतुबशेर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सोमपाल को पहले शराब पिलाई। इसके बाद उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सीने में गहरी चोट लगने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
सरसावा के गांव अलीपुरा निवासी सोमपाल का शव सोमवार रात अंबाला रोड स्थित धर्मकांटे के पास कार में मिला था। परिजनों ने कंपनी में कार्यरत कर्मचारी सोनू और उसके दोस्त अक्षय, नितिन, अमन पर हत्या करने का आरोप लगाया था। इस मामले में बुधवार को कुतुबशेर पुलिस ने आरोपी अमन व अक्षय उर्फ टिंकू निवासी दैदनोर नकुड़ को भाऊपुर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ करने पर आरोपियों ने पुलिस को बताया कि सोनू ने सोमपाल को फोन कर कंपनी बुलाया था। इसके बाद सभी ने शराब पी थी। इसी दौरान सोमपाल ने सोनू से रुपये मांगे। दोनों को दिवाली पर बोनस मिला। पुराना लेनदेन चला आ रहा था। इसी बात पर झगड़ा हुआ था। तभी सभी ने मिलकर सोमपाल की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद उसे कार में बैठाकर अंबाला रोड पर लेकर आए थे, जिससे हत्या को हादसे का रूप दिया जा सके।
आरोपी अमन पर पहले भी दर्ज हैं दो मुकदमे
सीओ प्रथम सारिका चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अमन का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2016 में कुतुबशेर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा आयुध अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है। वहीं, अक्षय का आपराधिक इतिहास फिलहाल इसी हत्याकांड के मुकदमे तक दर्ज हुआ है।
दो आरोपी अभी पुलिस पकड़ से दूर
सोमपाल हत्याकांड में अभी सोनू और नितिन पुलिस पकड़ से दूर हैं। यह दोनों गांव कंडेला और दैदनोर रहने वाले हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक इनका कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-
रुपयों के लेनदेन में सोमपाल हत्याकांड हुआ है। पोस्टमार्टम में सीने में गहरी चोट लगने से मौत होने की पुष्टि हुई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी हुई हैं।
सारिका चौधरी, सीओ प्रथम