सहारनपुर। अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी के तहत यूपी और हरियाणा के बीच शुक्रवार से होने वाला चार दिवसीय मैच खराब मौसम के कारण शुरू नहीं हो सका। अंत: पहले दिन का मैच रदद् होने की अधिकारिक घोषणा की गई।
मौसम खराब रहने की पहले से जानकारी थी। सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव लतीफुर्रहमान ने बताया कि बीसीसीआई के अधिकारियों ने मैदान को सुखाने के लिए सुपर शॉकर मशीन लाने को कहा था। रात ही में मशीन भिजवाई। रात में हुई बारिश की वजह से शुक्रवार की सुबह मैदान गीला मिला। सुबह-सुबह सुपर शॉकर मशीन से विकेट के आसपास के मैदान को सुखाने का प्रयास किया गया। कवर्ड होने की वजह से विकेट ठीक था, मगर बॉलिंग डालने के लिए बॉलर के दौड़ने के लिए मैदान सही नहीं था। मैदान को दुरुस्त करने के लिए लेबर को लगाया गया। गीली जगह पर रेत डलवाकर और रोलर चलवाकर मैदान को ठीक कराया गया। उम्मीद थी कि लंच के बाद मैच शुरू करा दिया जाएगा, मगर दिन भर काली घटाओ के छाए रहने की वजह से मैच रेफरी और अंपायरों ने लाइट (रोशनी) कम होने की वजह से मैच शुरू नहीं कराया। अपराह्न करीब तीन बजे फिर से बूंदाबांदी होने से मैदान फिर से गीला हो गया, जिसकी वजह से रेफरी और अंपायरों ने पहले दिन का मैच रदद् करने की घोषणा की।
मौसम साफ होने का इंतजार किया
दिन भर काली घटाओ के छाए रहने से रोशनी कम थी, जिसकी वजह से मैच शुरू नहीं कराया जा रहा था। ऐसे में दोनों टीमें और बीसीसीआई से आए अधिकारी मौसम खुलने का इंतजार करते नजर आए। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हरियाणा की टीम कुर्सियों पर बैठकर चर्चा करती नजर आई, जबकि यूपी की टीम ने फुटबाल के साथ पसीना बहाया। उधर, बीसीसीआई से आए अधिकारी, रेफरी और अंपायर भी मौसम खुलने का इंतजार करते रहे।
कूच बिहार ट्रॉफी मैच मिलना बड़ी उपलब्धि: कमिश्नर
मैच का उद्घाटन करने के लिए कमिश्नर संजय कुमार और सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संरक्षक और नगर विधायक संजय गर्ग मैदान पर पहुंचे। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। कमिश्नर संजय कुमार ने सहारनपुर को कूच बिहार ट्रॉफी का मैच मिलने को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए शासन और प्रशासन स्तर से जो भी संभव होगा मदद कराई जाएगी। नगर विधायक संजय गर्ग ने कहा कि क्रिकेट एसोसिएशन और ज्ञानकलश क्रिकेट एकेडमी क्रिकेट को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। एसोसिएशन के निदेशक अकरम सैफी के प्रयास की जितनी सराहना की जाए कम है। सचिव लतीफुर्रहमान ने अकरम सैफी और नगर विधायक के प्रयासों को सराहा। इस दौरान अध्यक्ष अमर गुप्ता, राकेश शर्मा, साजिद उमर, नईम सैफी, ईश्वर, मीडिया प्रभारी सैयद मशकूर, परमिंदर सिंह, पाली कालरा, राजीव गोयल टप्पू, विनय कुमार, सचिन सैनी, मृदुल गर्ग मौजूद रहे।