जिला अस्पताल परिसर में बन रहा कोल्ड चेन सेंटर
तीन आइस लाइंड रेफ्रिजरेटर मंगाए जाएंगे, 500 लोगों का स्टाफ करेगा टीकाकरण
सहारनपुर। कोविड - 19 से बचाव के लिए टीकाकरण की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। टीकाकरण में लगाए जाने वाले स्टाफ की सूची बना ली गई है। करीब 500 लोगों का स्टाफ टीकाकरण में लगाया जाएगा। वहीं, पहले चरण में 13470 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण होगा, जिनमें सरकारी और गैर सरकारी स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ हफ्ते में कोरोना की वैक्सीन आने का बयान दिया था, इसके साथ ही यूपी के जिलों में टीकाकरण को लेकर तैयारियां शुरू करा दी गईं। फिलहाल उन कर्मियों की सूची बनाई गई है, जो टीकाकरण में लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में करीब 500 कर्मियों का स्टाफ टीकाकरण में लगाया जाना है।
इसके अलावा कोरोना वैक्सीन रखने के लिए कोल्ड चेन की व्यवस्था भी कराई जा रही है। जिला अस्पताल में पहले से ही कोल्ड चेन की व्यवस्था है, लेकिन कोविड-19 वैक्सीन को रखने के लिए अलग से कोल्ड चेन सेंटर बनवाया जा रहा है। इस कोल्ड चेन सेंटर में माइनस 70 डिग्री तापमान में वैक्सीन रखने की व्यवस्था रहेगी। उसके लिए तीन आइस लाइंड रेफ्रिजेटर मंगाए जा रहे हैं, जो लखनऊ से आएंगे। कोल्ड चेन सेंटर का निर्माण कार्य भी चल रहा है, जो 15 दिसंबर तक पूर्ण किया जाना है, लेकिन निर्माण की गति को देखते हुए यह दिसंबर के अंत तक ही पूर्ण हो सकेगा।
टीकाकरण से पहले दी जाएगी ट्रेनिंग
सबसे पहले जिन स्वास्थ्य कर्मियों को कोविड-19 से बचाव का टीका लगाया जाएगा, उनमें से ही टीकाकरण कराने के लिए कर्मियों का चयन होगा। साथ ही टीकाकरण करने से पहले इन्हें प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
इन जिलों में चल रहा कोल्ड चेन का काम
सहारनपुर के अलावा मुजफ्फरनगर, आगरा, आंबेडकर नगर, आजमगढ़, बलरामपुर, बांदा, एटा, फर्रुखाबाद, गोंडा, गोरखपुर, झांसी, कानपुर नगर, ललितपुर, मैनपुरी, मथुरा, प्रयागराज, रायबरेली, संतकबीरनगर, वाराणसी, मिर्जापुर, बरेली में कोल्ड चेन रूम बनाने का कार्य चल रहा है।
कोल्ड चेन सेंटर निर्माण का कार्य चल रहा है। स्वास्थ्य कर्मियों की सूची भी बना ली गई है। सरकारी और गैर सरकारी कर्मियों को इसमें शामिल किया गया है। वैक्सीन आने के बाद शासन के निर्देश पर टीकाकरण अभियान शुरू कराया जाएगा। - डा. बीएस सोढ़ी, सीएमओ, सहारनपुर