सहारनपुर, देवबंद। सर्वोदय ज्ञान पब्लिक स्कूल की बस पर फायरिंग करने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस की माने तो इसका मुख्य आरोपी एक किशोर है। जिसने चिढ़ाने को लेकर हुई कहासुनी की रंजिश में छात्र को सबक सिखाने के लिए साथियों के साथ फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने किशोर को गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार को सर्वोदय ज्ञान पब्लिक स्कूल बस का चालक रवि कुमार स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को लेकर दिवालहेड़ी गांव छोड़ने के लिए गया था। मकबरा के पास पहुंचने पर दो बाइकों पर सवार पांच युवकों ने बस को रुकवाने का प्रयास किया। विफल रहने पर उन्होंने फायरिंग की। जिसमें कई गोलियां बस की बॉडी में लगी। फायरिंग होने से छात्र-छात्राओं में चीख पुकार मच गई थी। चालक ने समझदारी का परिचय देते हुए बस को नहीं रोका और वह सीधे दिवालहेड़ी गांव में जाकर रुका। जिसके चलते आरोपी फरार हो गए थे।
चालक रवि ने एक नामजद सहित कई के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार को घटना का खुलासा करते हुए इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि घटना का मुख्य आरोपी 14 वर्षीय किशोर है। जो सरसावा स्थित स्कूल में पढ़ता है। सर्वोदय ज्ञान स्कूल का एक छात्र अन्य बच्चों के साथ मिलकर उसे चिढ़ाता था। जिसकी वजह से उसकी कहासुनी हो गई। इसी रंजिश में उसने स्कूल के बाहर उसे सबक सिखाने की ठानी।
पुलिस ने किशोर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, कारतूस और मोटर साइकिल बरामद की है। पूछताछ के बाद उसके साथियों की तलाश की जा रही है। आरोपी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।