सहारनपुर। थाना कुतुबशेर क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने दोनों पक्षों के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों से अंबाला रोड पर दबनी कब्रिस्तान के सामने मुठभेड़ हुई। आरोपियों से पिस्टल, तमंचे और कारतूस आदि बरामद किए गए।
बुधवार को पुलिस लाइन में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि 19 की रात शारदानगर पुल के पास दर्पण तिराहे पर दो पक्षों के बीच वर्चस्व की लड़ाई को लेकर गाली-गलौच और फायरिंग हुई थी। पहले पक्ष की ओर से मोहम्मद अयाज ने थाना कुतुबशेर में केस दर्ज कराया था कि उसके भाई आमिर उर्फ आजम को अन्नु उर्फ अनुराग, अनुभव, उमंग व अन्य ने गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से रामबीर ने रिपोर्ट दी थी कि उसके बेटे अनुराग पर जानलेवा हमला पीयूष, शाकिब अहमद, आदित्य खन्ना, हैदर उर्फ लक्की, आसिफ उर्फ साहिल ने किया। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज किया। पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों पक्षों के लोग अंबाला रोड पर दबनी कब्रिस्तान के पास आमने-सामने होंगे। इससे बड़ी घटना हो सकती है। बुधवार को मौके पर पहुंची। आरोपियों ने पुलिस को देखकर फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों पक्षों के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें पीयूष निवासी पुराना कमेला, शाकिब अहमद निवासी रायवाला, आसिफ उर्फ साहिल निवासी खलासी लाइन, उमंग उर्फ मौलिक राणा निवासी बनत शामली और अनुभव निवासी सहसपुर जट्ट शामिल हैं। इनके पास से एक पिस्टल, चार तमंचे, पांच जिंदा कारतूस, पांच खोखा कारतूस बरामद हुए।