सहारनपुर। पंचायत चुनाव की जीत घोषणा होते ही कोतवाली रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव अहमदपुर में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान पक्ष के समर्थकों ने हर्ष फायरिंग करने के साथ ही कोरोना महामारी को लेकर जारी सरकार की गाइड लाइन का जमकर उल्लंघन किया। पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज जांच शुरू करा दी है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, कोतवाली देहात कोतवाली में भी विजय जुलूस निकालने पर नवनिर्वाचित प्रधान सहित आठ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
रामपुर मनिहारान ब्लॉक के गांव अहमदपुर ग्राम पंचायत की वायरल हुए वीडियो में प्रत्याशी विजय जुलूस निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी बीच कुछ लोग एक मकान पर खड़े होकर नारेबाजी कर रहे हैं। इनमें से एक व्यक्ति हर्ष फायरिंग कर रहा है। गोलियां चलने पर ग्रामीण भी वीडियो में व्यक्ति का नाम लेते हुए नजर आ रहे हैं। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधर, देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव बेहड़की में शारीरिक दूरी का उल्लंघन करते हुए नवनिर्वाचित महिला प्रधान के पति, पुत्र और डीजे संचालक सहित आठ अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपियों के घर पर दबिश दी गई, लेकिन सभी फरार मिले। कोरोना लेकर जारी गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।