परिवहन निगम की बस, जिसमे आग लगी थी।
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर में गंगोह रूट की रोडवेज बस में अचानक आग लग जाने से भगदड़ मच गई। बस में सवार लोगों ने शीशे तोड़कर कूद कर जान बचाई। आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
सहारनपुर डिपो की बस सोमवार दोपहर सवारियां लेकर अंबाला रोड स्थित बस अड्डे से गंगोह जाने को निकली। बस जैसे ही मानकमऊ गांव के बीचों-बीच पहुंची, तभी बस के अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा और फिर आग की लपटें उठने लगीं।
बस में मौजूद सवारियां दरवाजे खोल कर कूदने लगीं। चालक ने जैसे ही बस रोकी, तो अगली तरफ बैठी सवारियों ने निकलने का रास्ता ना देख बस के आगे के शीशे को तोड़ दिया और बाहर कूद कर अपनी जान बचाई। बाद में कुछ दुकानदारों की मदद से किसी प्रकार आग पर काबू पाया जा सका।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम सहारनपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार का कहना है कि शार्ट सर्किट से बस में उठी चिंगारी से थोड़ी से आग लगी थी। लेकिन चालक ने बस में उपलब्ध आग बुझाने के उपकरण से आग पर काबू पाया।