सहारनपुर। दीपावली पर लकड़ी के कारखाने सहित चार जगहों पर आग की घटनाएं हुईं। इससे कोई जनहानि तो नहीं हुई। लेकिन लाखों रुपये का नुकसान जरूर हुआ है। आग बुझाने के लिए दमकल कर्मचारी जूझते रहे।
कोतवाली मंडी क्षेत्र के पुराना कलसिया रोड पर कब्रिस्तान के सामने शिव धाम कॉलोनी पत्थर वाला में मरगूब का लकड़ी का कारखाना है। सोमवार को लकड़ी के कारखाने से धुआं उठा। देखते ही देखते धुआं आग में बदल गया। लोगों ने फोन कर दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर दो गाड़ियां पहुंचीं। करीब 50 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में झूले बनाए जाने के लिए लकड़ी के पट्टे जल गए। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
शहर कोतवाली स्थित न्यू गोपाल नगर में एक मकान में आग लग गई। आग लगते ही धुआं और लपटें उठने लगीं। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन बाद में दमकल विभाग को सूचना देनी पड़ी। एक गाड़ी मौके पर पहुंची और एक कमरे में लगी आग पर काबू पाया। आग ज्यादा फैलने पर आसपास के मकान में भी आग लग जाती। पेपर मिल रोड स्थित पार्किंग में टायर की कतरन में आग लग गई। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया जा सका। नानौता के मोहल्ला चाहमंजलि कोट निवासी अलकमी आब्दी के घर की छत पर रखे कबूतर खाने में रॉकेट गिर गया, जिससे कबूतर खाने में आग लग गई।