सहारनपुर। स्मार्ट सिटी सहारनपुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी/नगरायुक्त संजय चौहान ने स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं में लापरवाही पाए जाने पर जुर्माना लगाने, ब्लैक लिस्ट करने और एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी। वह बुधवार को स्मार्ट सिटी से जुड़ी परियोजनाओं की समीक्षा बैठक ले रहे थे।
उन्होंने हैबिटेट सेंटर, म्हाड़ी का तालाब व स्मार्ट गैराज के कार्यों की प्रगति मानक से कम पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। कार्यदायी संस्था यूपीआरएनएन से कहा कि कार्य पूरा कराने की जिम्मेदारी उनकी है। यदि ठेकेदार कार्य में जानबूझ कर देरी कर रहा है तो उसके खिलाफ एफआईआर कराएं। उन्होंने हाइडिल विभाग को भी स्पष्ट कहा कि स्मार्ट रोड के तहत उनके द्वारा जो स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं उनको जल्द लगवाएं। अन्यथा की स्थिति में एफआईआर कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट रोड पर स्मार्ट मीटर का कार्य पूरा न होने के कारण फुटपाथ की फिनिशिंग का कार्य नहीं हो पा रहा है। एबीसी सेंटर वाली सड़क के कार्य में धीमी गति को लेकर नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए। यूपीपीसीएल द्वारा किए गए कार्याें में पाई गई कमियों का निराकरण न होने पर अप्रसन्नता व्यक्त की। मुख्य अभियंता निर्माण को भगत सिंह रोड बार-बार क्षतिग्रस्त होने के कारणों की जांच आख्या भी शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।