सहारनपुर। आबकारी विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को आईटीसी रोड स्थित एक शराब के ठेके पर निर्धारित रेट से अधिक दाम में शराब की बिक्री करने पर अनुज्ञापी पर 75 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही वहां काम कर रहे सेल्समैन मुकेश कुमार को हटा दिया। पिछले काफी समय से इस ठेके पर हर बोतल पर 10 से 20 रुपये अधिक लेने की शिकायतें मिल रही थीं। बाद में इसकी वीडियो भी वायरल हो गई।
आबकारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि शिकायत के बाद जांच की गई तो अधिक दाम में बिक्री की स्थिति सामने आई। इसके चलते सेल्समैन को हटाने के साथ ही जुर्माने की कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही अन्य ठेका संचालकों को चेतावनी दी गई है कि त्योहारों के नाम पर वे अधिक दाम में शराब नहीं बेचेंगे।