बाल्लू में बुखार का कहर, उपचार के लिए ग्रामीणों का प्रदर्शन
तीतरो। वायरल, मलेरिया, टाइफाइड बुखार से बाल्लू गांव में बड़ी संख्या में लोग पीड़ित हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सुविधा नहीं मिलने से मरीजों को निजी चिकित्सक से महंगा इलाज कराना पड़ रहा है। इस बात से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की मांग की।
ग्रामीण मनोज कुमार, भोपाल सिंह, संजय कुमार, वीरेंद्र सिंह, बबलू कुमार, मुस्तकीम, राहुल कुमार, अनुज कुमार, सागर कुमार, दीपक कुमार आदि ने शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि एक माह से गांव में बुखार ने सौ से ज्यादा लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है। बड़ी संख्या में मरीज निजी चिकित्सकों के यहां उपचार कराने को मजबूर हैं। इससे मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। आरोप लगाया िक स्वास्थ्य विभाग को कई बार सूचना दी लेकिन कोई टीम गांव नहीं आई।
गांव के राकेश, फरजाना, कौशर, करेशनी, नेत्रपाल,धर्मपाल, सोनिया, शिवम, मोनिका, राखी, आंचल रीना, पकंज कोरी, मांगा बाल्मीकि आदि करीब एक सप्ताह से ज्यादा समय से बुखार से जूझ रहे है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से स्वास्थ्य विभाग की टीम को भेजकर मरीजों का उपचार कराने की मांग की है। उधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्साधिकारी डा. रोहित वालिया का कहना है कि गांव में बुखार के प्रकोप का मामला संज्ञान में नहीं है। गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम को भेज मरीजों के रक्त की जांच कराई जायेगी तथा बुखार से पीड़ित मरीजों का इलाज कराया जायेगा।