Saharanpur News: चिलकाना के सुल्तानपुर गांव में छात्रा अपनी सहेली के साथ प्रेमी से मिलने उसके घर पहुंची थीं। यहां दोनों छात्राओं के परिजन पहुंच गए, तो डर के मारे दोनों ने फंदा लगा लिया, जबकि प्रेमी छत से कूदकर भाग गया।
चिलकाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में 11वीं की छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जबकि उसकी सहेली फंदा टूटने की वजह से बच गई। जांच में आया कि मृतक छात्रा अपनी सहेली के साथ स्कूल की बजाय प्रेमी के घर पहुंची थी। वहां पर छात्राओं के परिजन पहुंच गए। उन्हें देखकर आरोपी प्रेमी छत से कूदकर भाग गया और दोनों छात्राओं ने यह कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी प्रेमी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
सुल्तानपुर गांव के एक स्कूल में कक्षा 11वीं की दो छात्राएं सहेली हैं। एक छात्रा पड़ोसी गांव की रहने वाली और दूसरी चिलकाना कस्बे की निवासी है। बृहस्पतिवार सुबह दोनों घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं, लेकिन स्कूल नहीं पहुंचीं। स्कूल प्रबंधन की तरफ से दोपहर के समय छात्राओं के परिजनों को फोन कर बताया कि वह स्कूल नहीं आई है, जिसके बाद परिजनों ने तलाश शुरू की।
स्कूल में एक अन्य छात्रा ने बताया कि दोनों सुल्तानपुर में एक युवक से मिलने जाती हैं। इसके बाद दोनों के परिजन युवक के घर पहुंचे। मकान का दरवाजा बंद था। परिजनों का शोर-शराबा सुनकर युवक छत से कूदकर भाग गया। जबकि दोनों छात्राएं मकान के अंदर रह गईं। छत के सहारे परिजन अंदर दाखिल हुए और दरवाजा खोला।
अंदर गांव निवासी छात्रा चुन्नी के फंदे से पंखे पर लटकी हुई थी, जबकि दूसरे कमरे में कस्बा निवासी छात्रा तख्त पर पड़ी थी। उसने भी आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन फंदा टूटने के कारण बच गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने गांव निवासी छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
जांच में आया कि गांव निवासी छात्रा का युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दूसरी छात्रा उसके साथ गई थी। परिजनों के डर से दोनों ने यह कदम उठाया, जिसमें एक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इनकी तीसरी सहेली भी स्कूल नहीं पहुंची थी। वह अपने परिचित युवक के साथ शाकंभरी सिद्धपीठ गई थी, जो इस प्रकरण का पता चलते ही लौटकर घर आ गई।
युवक का पिता करता है भट्ठे पर काम
मृतका के पिता ने तहरीर देकर बताया कि आरोपी दक्ष शर्मा ने अपने साथियों के साथ मिलकर बहला-फुसलाकर छात्राओं को बुलाया था। आरोपी का पिता भट्ठे पर काम करता है। बाप-बेटे के अलावा परिवार में कोई नहीं है। पिता भट्ठे पर गया हुआ था।
ये बोले सीओ
जांच में आया है कि प्रेम-प्रसंग के चलते यह घटनाक्रम हुआ है। तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। - विकास प्रताप सिंह चौहान, क्षेत्राधिकारी सदर