सहारनपुर में रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से आते लोग।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। किसी के सिर पर बर्तन से भरा कट्टा है तो कोई बैग हाथ में लिए है, अंबाला की तरफ से श्रीगंगानगर एक्सप्रेस सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो उससे उतरने वाले यात्रियों में कुछ ऐसे भी थे। यह लोग प्रवासी श्रमिक हैं जो दूसरे राज्यों में कामकाज के लिए गए थे। महाराष्ट्र और पंजाब सहित कई प्रदेशों में फिर से कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ा है तो लॉकडाउन की आशंका से प्रवासी श्रमिक अपने घरों की तरफ लौटने शुरू हो गए हैं।
मंगलवार दोपहर श्रीगंगानगर एक्सप्रेस सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। उसमें से उतरने वाले राजकुमार और शाहिद ने बताया कि वह पंजाब के लुुधियाना में एक फैक्टरी में काम करते हैं। पंजाब में कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है और तमाम तरह की अफवाहें भी फैल रही हैं, जिस कारण वह फिलहाल अपने घर लौट रहे हैं। इनके अलावा भी कई लोग ऐसे ही मिले। वहीं, इस ट्रेन के अलावा भी पंजाब और महाराष्ट्र की तरफ से आने वाली ट्रेनों से प्रवासी श्रमिक वापस लौटते मिले। हालांकि इनकी संख्या बहुत ज्यादा नहीं है, लेकिन जिस तरह की बात श्रमिकों की जुबान पर है, उससे साफ है कि उनके मन में लॉकडाउन का डर बना हुआ है।
- बीते साल बड़े पैमाने पर हुआ था पलायन
कोरोना संक्रमण की वजह से बीते वर्ष जब लॉकडाउन लगा था तो काफी संख्या में प्रवासी श्रमिक सहारनपुर के ही रास्ते अपने गंतव्य को लौटे थे। सहारनपुर में अंबाला रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग व्यास सेंटर पर रोजाना पांच से 10 हजार तक श्रमिक पहुंचते थे। फिलहाल ऐसी स्थिति नहीं है, लेकिन सभी में भय देखने को मिल रहा है।
सहारनपुर में रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से आते कर्मी।- फोटो : SAHARANPUR