सहारनपुर के देवबंद में कुटी रोड स्थित एक गोदाम में शार्ट सर्किट के कारण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कुटी रोड़ पर इनमा का कबाड़ का गोदाम है। जिसमें बृहस्पतिवार की रात शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई। जिससे गोदाम में रखी रद्दी व कबाड़ जलकर राख हो गया। गोदाम में आग की लपटे उठी देख आसपास में रहने वाले लोगों में अफरातफरी मच गई।
लोगों ने स्वयं ही पानी व मिट्टी आदि डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन सफलता न मिलती देख स्थानीय पुलिस प्रशासन को आग लगने की सूचना दी। जिसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। बताया जा रहा है कि उक्त गोदाम में पहले गत्ता फैक्टरी हुआ करती थी। लेकिन फैक्टरी के बंद होने के बाद इसे रद्दी आदि के काम में लाया जाने लगा। गोदाम स्वामी इनाम ने बताया कि आग लगने से उसका भारी नुकसान हुआ है।