बड़गांव/तीतरों/गंगोह। भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से त्रस्त किसानों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। उन्होंने बड़गांव बिजलीघर पर धरना देते हुए जेई को धूप में बिठाए रखा। तीतरों में ग्रामीणों ने बिजलीघर पर हंगामा किया, जबकि गंगोह में भाकियू अराजनीतिक के किसानों ने पांच घंटे तक धरना देकर बिजली आपूर्ति बढ़ाने की मांग की।
बड़गांव बिजलीघर पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि उनके नलकूपों को दो से तीन घंटे बिजली मिल रही है। इसके चलते सिंचाई प्रभावित हो रही है। फसलें सूखने के कगार पर हैं। आरोप लगाया कि अधिकारियों की लापरवाही के चलते आज तक बिजलीघर पर दस एमवीए का ट्रांसफार्मर नहीं रखा गया है, जबकि यहां पहले रखे ट्रांसफार्मर ओवरलोड चल रहे हैं। बताया कि गांव में इतने कम वोल्टेज आ रहे हैं कि पंखा भी नहीं चल पा रहा है। ग्रामीण उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में फोन पर वार्ता के बाद धरना समाप्त किया गया। इस दौरान किसान बेदपाल सिंह, वीरेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, शेरपाल राणा, राजसिंह, सोनू आदि शामिल रहे।
तीतरों क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान किसानों ने बिजलीघर पर जमकर हंगामा किया। किसानों का कहना था कि महंगी फीडर सहित अन्य एग्रीकल्चर फीडरों पर 24 घंटे में से मात्र करीब पांच घंटे ही सप्लाई की जा रही है। आरोप लगाया कि खराब लाइनों की मरम्मत में तत्परता की बजाए सुविधा शुल्क का इंतजार करते हैं। चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस दौरान उपेंद्र सिंह, पंकज रादौर, रामकुमार, सन्नी, विकास फतेहपुर, टिंकू, तेजपाल ठोला, अमित ठोला, सन्नी राणा, सचिन बाल्लू आदि मौजूद रहे।
गंगोह बिजलीघर पर भाकियू अराजनीतिक के ब्लॉक अध्यक्ष महबूब चौधरी के नेतृत्व में किसानों ने धरना दिया। किसानों ने बताया कि कई दिन से बिजली केवल तीन से चार घंटे ही मिल रही है। बताया कि चार फीडर पर केवल एक ही लाइनमैन तैनात है। किसानों ने एसडीओ एसडी प्रताप को ज्ञापन देकर आलमपुर फीडर पर अलग से लाइनमैन, आलमपुर फीडर की बिजली सुबह 5 बजे से लगातार 10 घंटे तक देने की मांग की। धरने में प्रमोद चौधरी, पिंटू सैनी, विपिन सैनी, कुर्बान चौधरी, दिलशाद शाह, लोकेंद्र प्रधान, इरफान, संदीप, राजेश, पवन सैनी, नारायण सिंह आदि मौजूद रहे।