सहारनपुर। उप गन्ना आयुक्त ओपी सिंह ने बताया कि पेराई सत्र में गन्ना किसानों को गन्ना पर्चियां एसएमएस पर्ची के रूप में मोबाइल नंबर पर भेजी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में जरूरी है कि स्मार्ट गन्ना किसान पोर्टल पर किसानों का सही मोबाइल नंबर पंजीकृत हो।
उन्होंने किसानों से स्मार्ट गन्ना किसान पर पंजीकृत मोबाइल नंबर की जांच करने की अपील की। कहा कि यदि नंबर गलत है तो अपने गन्ना पर्यवेक्षक के माध्यम से सही मोबाइल नंबर जरूर अपडेट कराएं। बताया कि कभी-कभी विभाग द्वारा किसानों को गन्ना आपूर्ति हेतु उनके मोबाइल पर प्रेषित की जाने वाली एसएमएस गन्ना पर्चियों की डिलीवरी नहीं हो पाती है। इसका प्रमुख कारण पंजीकृत मोबाइल नेटवर्क क्षेत्र में उपलब्ध न होने, मोबाइल रिचार्ज न होने, मोबाइल स्विच ऑफ होने, डीएनडी एक्टिवेट होने एवं कॉल बार लगा होना है।
ऐसे में पर्ची का संदेश दो घंटे के बाद अपने आप निरस्त हो जाता है। इस कारण किसानों को अपनी पर्ची की सही जानकारी नहीं मिल पाती। सभी किसान पर्ची प्राप्त करने के लिए नेटवर्क क्षेत्र में रहें। मोबाइल को रिचार्ज रखें और कॉल बार का विकल्प न चुनें। मोबाइल का एसएमएस इनबॉक्स खाली रखें। डीएनडी को बंद कर दें। पर्ची जारी होने की व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी है।