पिछले 15 दिनों से बजाज शुगर मिल चलवाने की मांग को लेकर चल रहे किसानों के क्रमिक अनशन और धरने की जिले के प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर नेता तक ने कोई सुध नहीं ली है।
किसी भी आला अधिकारी ने किसानों की समस्या का समाधान कराना तो दूर उनकी पीड़ा को सुनना भी मुनासिब नहीं समझा है। इसके चलते किसानों में भारी व्याप्त है।
हकीकत नगर स्थित धरनास्थल पर बजाज शुगर मिल को चलवाने की मांग करते हुए क्षेत्रीय किसान पिछले 15 दिनों से क्रमिक अनशन और धरना दे रहे हैं। किसानों का कहना है कि यदि बजाज शुगर नहीं चली तो गन्ना सप्लाई करने में बड़ी परेशानी का सामना करना पडे़गा। इसके अलावा क्षेत्रीय लोगों का रोजगार भी छिन जाएगा। इसलिए मिल चलवाने की मांग करते हुए धरना और क्रमिक अनशन चल रहा है।
उनका कहना है कि 15 दिनों से धरना चलने के बावजूद जिले के किसी भी आला अधिकारी या नेता ने उनकी पीड़ा का सुनना भी गवारा नहीं किया है। इससे किसानों में भारी व्याप्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि नेताओं द्वारा उपेक्षा का बदला वे पंचायत चुनाव में लेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के प्रशासनिक अधिकारियों को भी किसानों की परवाह नहीं है। मंगलवार को ग्राम शीतलाखेड़ा, मदनूकी और बुढ्ढाखेड़ा गुर्जर के किसान क्रमिक अनशन पर रहे। इनमें कल्याण सिंह, जयकुमार, अजित सिंह, पारस, सुभाष सिंह आदि शामिल हैं। इस दौरान शिवशरण, करण सिंह, आजाद, अमित, अनुज, बिजेंद्र, विपिन, अशोक, अलीशेर, अमित मुखिया, रविंद्र, ओमकरण आदि रहे।