नकुड़। बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति (बी पैक्स) टाबर पर मशीन बंद होने से खाद न मिलने पर किसानों ने हंगामा किया। आरोप लगाया कि घंटों के इंतजार के बाद भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। एसडीएम ने मौके पर पहुंच किसी तरह समझा-बुझाकर किसानों को शांत किया।
समिति पर पहुंचे किसान सरदार बलदेव सिंह, जयनंद, राकेश कुमार व विनोद आदि ने आरोप लगाया कि वह पिछले तीन दिनों से रोज आकर कतार में खड़े हो रहे हैं, लेकिन विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के कारण उन्हें खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। किसानों ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि जब वे खाद की मांग करते हैं, तो कर्मचारी मशीन खराब या सर्वर डाउन होने का हवाला देकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं। खाद न मिलने के कारण उनकी फसलें प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि डीएपी और यूरिया जैसी बुनियादी खाद के लिए भी उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही खाद की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई और वितरण प्रणाली को दुरुस्त नहीं किया गया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
किसानों के हंगामे की सूचना पर एसडीएम सुरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बात कर समाधान का आश्वासन दिया। उधर, एमडी कुलवीर सिंह ने बताया कि समिति पर किसानों को रोजाना खाद दिया जा रहा है। मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण ही समस्या आ रही है।