नागल। एनएचएआई के साइट मैनेेजर पर गाली गलौज करने और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए भाकियू क्रांति के जिलाध्यक्ष रजत चौधरी ने सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर आत्मदाह की चेतावनी दी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर थाने लाकर बैठा लिया। हालांकि बाद में उनके द्वारा चेतावनी वापस लेने पर उन्हें छोड़ दिया गया।
रजत चौधरी का कहना है कि एनएचएआई के साइट मैनेजर आकाश सिंह हठधर्मिता पर उतर आए हैं और किसानों के खेतों में जाने वाले रास्तों को बंद करना चाहते हैं। रजत चौधरी का आरोप है आकाश सिंह ने बातचीत के नाम पर उन्हें किसानों के साथ चमारीखेड़ा टोल प्लॉजा पर बुलाया था लेकिन वहां पर उन्होंने उनके साथ गाली गलौज वह जान से मारने की धमकी दी। इससे आहत होकर उन्होंने आत्मदाह की घोषणा कर दी। उधर आकाश सिंह ने गाली गलौज करने सहित अन्य सभी आरोपों को निराधार बताया है।
इस घटनाक्रम के बाद दोनों पक्षों को पुलिस ने थाने बुलाया जहां काफी देर तक उनके बीच वार्ता भी हुई। कोई सहमति नहीं बन पाने पर किसान नेता द्वारा आत्मदाह संबंधी घोषणा वापस लेने पर उन्हें थाने से जाने दिया गया। सीओ देवबंद अमित सिंह का कहना है की दोनों पक्षों ने थाने पर एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। जांच की जा रही है। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।