सहारनपुर। मल्हीपुर रोड स्थित आर्यन सिटी कॉलोनी निवासी कारोबारी के आधार और पैन कार्ड का दुरुपयोग कर एक व्यक्ति ने फर्जी फर्म बना ली। इतना ही नहीं, पांच करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन भी कर लिया।
इसका पता पीड़ित को तब चला, जब वह रिटर्न दाखिल करने के लिए सीए के पास पहुंचा। एसएसपी के आदेश पर थाना सदर बाजार में केस दर्ज किया गया है। पीड़ित तुषार मूलरूप से मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं। वह वर्तमान में मल्हीपुर रोड पर आर्यन सिटी कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने थाना सदर बाजार में तहरीर देकर बताया कि 25 मई 2023 को तुषार एसोसिएट्स नाम से एक फर्म जीएसटी पंजीकरण के साथ शुरू की थी, लेकिन पिता की गंभीर बीमारी और आर्थिक कठिनाइयों के चलते 31 अक्तूबर 2024 को फर्म बंद करनी पड़ी। हाल ही में वह अपने सीए के पास आयकर रिटर्न भरवाने गए थे। वहां उन्हें पता चला कि उनके आधार और पैन कार्ड का दुरुपयोग किया गया है।
दस्तावेजों से एक अन्य फर्म तुषार ट्रेडिंग कंपनी का रजिस्ट्रेशन आगरा के पते दयाल बाग टेंपल पर चार अक्तूबर 2024 को करवा लिया गया। इस फर्म को अब 16 जुलाई 2025 को बंद किया दिखाया गया है।
कारोबारी का कहना है कि उनका आगरा से कोई पता नाता नहीं है। न ही वह कभी उस पते पर रहे हैं। इसके बावजूद उनके नाम से चलाई गई इस फर्जी फर्म के माध्यम से पांच करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन किया गया है। इस मामले की कारोबारी ने एसएसपी से शिकायत की थी। इसके बाद अब थाना सदर बाजार पुलिस ने तुषार ट्रेडिंग कंपनी के खिलाफ केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।