- कोतवाली मंडी की हयात कॉलोनी निवासी दुकानदार ने परेशान का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कोतवाली मंडी क्षेत्र की हयात कॉलोनी निवासी दुकानदार ने दो लोगों पर सहारनपुर विकास प्राधिकरण का अवर अभियंता बनकर रंगदारी मांगने, डराने-धमकाने का आरोप लगाया है। इस मामले में एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
हयात कॉलोनी निवासी मोहम्मद सलीम ने तहरीर देकर बताया कि खानआलमपुरा के रहने वाले साजिद सलमानी और खालिद सलमानी कभी खुद को एसडीए का अवर अभियंता बताकर परेशान करते हैं। आरोप है कि दोनों उसके प्रतिष्ठान पर पहुंचे और डरा-धमकाकर दो बार रुपये लेकर गए। इसके बाद खुद को सविप्रा का अवर अभियंता बताकर और अधिक रुपयों की मांग की गई।
शक होने पर पीड़ित एसडीए कार्यालय पहुंचा और उनके बारे में जानकारी ली। वहां पता चला कि इस नाम का कोई अवर अभियंता विभाग में तैनात नहीं है। इसके बाद उसे दोनों के जालसाजी में लिप्त होने का पता चला। आरोप है कि दोनों लोगों को ब्लैकमेल कर संपत्ति अर्जित कर चुके हैं। उनकी प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़ित ने 16 फरवरी 2026 को कोतवाली मंडी में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि आरोपियों ने मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया। जांच अधिकारी उप निरीक्षक राहुल शर्मा ने बताया कि इस मामले में साजिद सलमानी, खालिद सलमानी, प्रशांत कुमार और ऐलिक सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।