सहारनपुर/बेहट। मंडलायुक्त डॉ़ षिकेश भास्कर यशोद द्वारा बुधवार को निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज, मां शाकुंभरी राज्य विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के निर्माण के कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जाहिर की।
मंडलायुक्त पहले तहसील बेहट क्षेत्र के गांव शेरुल्लापुर अहतमाल में निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने निरीक्षण के दौरान मौके पर उपस्थित कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम परियोजना प्रबंधक एवं सहायक अभियंता को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में मानकों के अनुरूप ही सामग्री का प्रयोग सुनिश्चित करें। साथ ही समय-समय पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करते हुए समय से निर्माण कार्य को पूरा कराएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यहां बता दें, कि शेरुल्लापुर अहतमाल में 120 करोड़ रुपये की लागत से 14.669 हेक्टेयर भूमि पर स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है।
इसके पश्चात मंडलायुक्त पुवांरका में निर्माणाधीन मां शाकुंभरी देवी राज्य विश्वविद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां मंडलायुक्त ने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों, पीएमसी व ठेकेदार को कड़े शब्दों में निर्माण कार्य की गति में सुधार के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने वीसी आवास, एकेडमिक ब्लॉक व एडमिन ब्लॉक के निर्माण का कार्य अगले 15 दिनों में पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि छह सितंबर को पुनः स्थलीय निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति, संयुक्त विकास आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, एसडीएम बेहट दीपक कुमार, संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।