एक्सरे सेंटर में हुई लूट का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
नकुड़ (सहारनपुर)। कस्बा नकुड़ में सरसावा मार्ग स्थित एक्सरे सेंटर में लूटपाट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वारदात का मास्टर माइंड एक्सरे सेंटर का फार्मासिस्ट ही निकला। आरोपी फार्मासिस्ट को गिरफ्तार कर पुलिस ने लूटा गया सामान बरामद कर लिया है। वारदात को चार युवकों ने अंजाम दिया, चारों आरोपी शामली जिले के रहने वाले हैं।
एसपी देहात अतुल शर्मा ने बताया कि 27 मार्च को नकुड़ में सरसावा मार्ग पर स्थित डॉ. विपिन वर्मा के डिजिटल एक्सरे सेंटर में लूटपाट हुई थी। क्राइम ब्रांच एवं थाना नकुड़ पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी नितिन कुमार पुत्र मदनपाल निवासी रसूलपुर गुजरान थाना कांधला जिला शामली को गिरफ्तार किया। वह वर्तमान में नकुड़ के मोहल्ला चौधरीयान में किराए के मकान में रहता था। आरोपी की निशानदेही पर एक्सरे मशीन, सीसीटीवी की डीवीआर, एलईडी टीवी, लीड कनेक्टर चार और एक फाइल बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी नितिन ने पुलिस को बताया कि वह एक्सरे सेंटर पर बतौर फार्मासिस्ट कार्य करता था। नकुड़ के मोहल्ला चौधरीयान स्थित जिस मकान में वह किराए पर रहता था, वहां मोनू पुत्र पालेराम निवासी रसूलपुर गुजरान थाना कांधला (शामली) भी रहता था। उसने मोनू के साथ मिलकर ही एक्सरे सेंटर पर लूटपाट की योजना बनाई। वारदात को अंजाम देने के लिए मोनू ने अपनी बुआ के बेटे पंकज निवासी सोहजनी थाना बाबरी (शामली) और कुलदीप पुत्र तेजपाल निवासी रसूलपुर गुजरान थाना कांधला (शामली) को भी साथ लिया था। लूट का सामान आरोपी नितिन ने अपनी बुआ के रणदेवा गांव स्थित मकान में रखवाया था। आरोपी मोनू, पंकज और कुलदीप अभी फरार हैं। एसपी देहात ने बताया कि इन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने का भी प्रयास चल रहा है।