सहारनपुर। जिला पर्यावरण एवं गंगा समिति की बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में हुई। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने पौधारोपण अभियान के तहत विभागों को लक्ष्य के अनुरूप स्थल चिह्नित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारियों को पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों में लापरवाही बरतने पर स्पष्टीकरण देने को कहा गया। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि आगामी बैठक से पहले कार्य पूरा न होने पर वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने पूछा कि तालाब संरक्षण के लिए औद्योगिक संस्थान को दिए गए तालाबों में कितना कार्य हुआ। इसका सत्यापन करने के निर्देश दिए। छोटी एवं सहायक नदियों के पुनरुद्धार के दृष्टिगत नागदेवी नदी के डिसिल्टेशन हेतु कार्ययोजना तैयार करने कोे भी कहा। जिला पंचायती राज अधिकारी को स्पष्टीकरण जारी करते हुए चेतावनी दी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
पोषण समिति की बैठक संपन्न
सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक हुई। उन्होंने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों को मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी के रिक्त पदों पर भर्ती करने को कहा। जिन आंगनबाड़ी केंद्रों पर फिनिशिंग का कार्य चल रहा है उन्हें इसी सप्ताह पूर्ण कर रिपोर्ट उपलब्ध करवाई जाए। सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों की एक एलबम तैयार कर शुक्रवार तक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। आरओ के इंस्टॉलेशन में देरी के लिए संबंधित वैंडर को नोटिस जारी करने को कहा। इस दौरान विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।