साढ़ौली कदीम। गड्ढा मुक्त अभियान के बाद भी गंदेवड़-चिलकाना सड़क मार्ग पर गहरे-गहरे गड्ढे बने हैं। इनमें गिरकर दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने सड़क के गड्ढे भरवाने के साथ ही संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गंदेवड़ से चिलकाना तक 23 किलोमीटर लंबे मार्ग पर साढ़ौली कदीम, भोजपुर, लोदीपुर, रसूलपुर, चको, टोडरपुर, दौलतपुर, पठेड़, धौलाहेड़ी आदि सहित कई जगह सड़क में गहरे गड्ढे बने हुए हैं। क्षेत्रीय ग्रामीणों के अनुसार सड़क को गड्ढा मुक्त किए जाने के लिए एक सप्ताह पूर्व ठेकेदार द्वारा लीपापोती कर कुछ गड्ढे भरकर कार्य की इतिश्री कर दी गई थी। ग्रामीणों अवनीश कुमार, बबलू सिंह, बिंदर, सुखदेव, योगेंद्र सिंह, राजेश कुमार, अहसान, आमिर चौहान, ताहिर आदि का कहना है कि विभाग अधिकारी मात्र कागजों में सड़क को गड्ढा मुक्त कर देते हैं। उन्होंने जांच कराकर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, लोक निर्माण विभाग के जेई अजय कुमार का कहना है कि विभागीय स्तर से उक्त सड़क को गड्ढा मुक्त कर दिया गया है।