खेड़ा अफगान में आर्य समाज की ओर से विक्रमी संवत्सर के उपलक्ष्य में यज्ञ कराया गया।
इसके बाद प्रवचन करते हुए वैदिक संस्कृति उत्थान न्यास के अध्यक्ष आदित्य प्रकाश गुप्ता ने कहा कि विक्रमी संवत्सर का विशेष महत्व है क्योंकि इसी दिन पृथ्वी पर मानव की उत्पत्ति हुई थी और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का राज्याभिषेक भी आज ही के दिन हुआ था।
उन्होंने बताया कि आज ही के दिन महर्षि दयानंद सरस्वती ने पाखंड, असत्य के नाश और नारी उत्थान के लिए आर्य समाज की स्थापना की थी। प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में मंत्री अमित कुमार आर्य, वीरेंद्र कुमार, राजेश कुमार, जुगमंदर दास, वेदभूषण गुप्ता, गजे सिंह, सत्यवीर, ओमपाल, राकेश कुमार आदि लोग मौजूद रहे।
दो अप्रैल तक मनाया जाएगा महोत्सव
अंबेहटा। खेड़ा अफगान गांव में आर्य समाज का वार्षिकोत्सव एक से दो अप्रैल तक मनाया जाएगा। आर्य समाज के प्रधान आदित्य प्रकाश गुप्ता ने बताया कि दो दिवसीय वार्षिकोत्सव में आचार्य सोम देव अजमेर, शिव कुमार शास्त्री सहारनपुर व भजनपोदेशक सुमित आर्य का मार्गदर्शन लोगों को प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि वैदिक विद्वानों द्वारा जनता की शंका समाधान का कार्यक्रम भी आर्य समाज में रखा गया है जिसमें लोग अपनी जिज्ञासा शांत कर सकते हैं। आदित्य प्रकाश गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम दोनों दिन तीन सभाओं में होगा। उन्होंने लोगों से धर्मलाभ उठाने की अपील की है।