सहारनपुर। जिले में विधानसभा सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान(एसआईआर)चल रहा है। अभियान के तहत जिले भर के मतदाताओं को गणना प्रपत्र तो मिल गए हैं, लेकिन उन्हें 2003 के विवरण ने उलझा दिया है। विवरण न होने के चलते मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिले की सातों विधानसभाओं में 26.42 लाख मतदाता पंजीकृत हैं। अभी तक गणना प्रपत्र का वितरण का कार्य तकरीबन पूरा हो चुका है। इसके बाद मतदाता फार्म को भरकर बीएलओ को वापस कर रहे हैं। फार्म भरते समय मतदाताओं को अपनी जन्म तिथि, आधार संख्या अभिभावक का नाम, उनकी ईपीआईसी नंबर, अपना ईपीआईसी नंबर का विवरण भरना है। दूसरे कॉलम में एसआईआर मतदाता सूची का विवरण भरना है। इसमें निर्वाचक का नाम, ईपीआईसी नंबर, संबंधी का नाम, संबंध, जिला, राज्य का नाम, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का नाम, विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र संख्या, भाग संख्या, क्रम संख्या विवरण देना है।