सहारनपुर। 15 फरवरी से शुरू हो रही सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में बोर्ड ने टाइमिंग का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। दस बजे से एक भी मिनट देरी से पहुंचने पर एंट्री नहीं मिलेगी।
सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगी। मगर परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को एंट्री दस बजे से पहले दे दी जाएगी। दस बजे से एक भी मिनट देरी से पहुंचने पर किसी भी सूरत में एंट्री नहीं मिलेगी। ऐसे में सभी स्कूलों को अपने-अपने विद्यार्थियों केे अलर्ट करने को कहा गया है। इतना ही नहीं, परीक्षार्थियों को अपने स्कूलों की यूनिफॉर्म और आई कार्ड भी साथ लेकर पहुंचना होगा, जिससे कोई अन्य व्यक्ति किसी छात्र की जगह परीक्षा ना दे सकें। परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक कक्ष सीसीटीवी से लैस होगा। बोर्ड ने परीक्षा केंद्र बनाते हुए सीसीटीवी वाले विद्यालयों को प्राथमिकता दी है।
सीबीएसई की परीक्षाएं कराने की व्यवस्था हमेशा से बेहतर रही है। परीक्षार्थियों को इस बार भी यूनिफॉर्म और प्रवेश पत्र के साथ ही आईकार्ड भी लेकर पहुंचने को कहा गया है। खास बात यह है कि साढ़े दस बजे शुरू होने वाली परीक्षा के लिए दस बजे से पहले एंट्री लेनी होगी। एक भी मिनट देर होने पर एंट्री नहीं दी जाएगी। सभी स्कूलों को इससे अवगत कराया गया है। - डॉ. संजीव जैन, नोडल अधिकारी/प्रधानाचार्य पाइनवुड स्कूल।