सहारनपुर में मरम्मत की वजह से जिला अस्पताल पुल से आवाजाही पूर्णत: बंद है। ऐसे में शहर कई दिन से जाम की चपेट में है। शुक्रवार को भी कोर्ट रोड घंटों जाम रहा।
कई स्कूलों की दर्जनों बसें भी जाम में फंसी रही, जिनकी वजह से नन्हें-मुन्नों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एक दिसंबर से जिला अस्पताल पुल की मरम्मत का काम चल रहा है।
इसकी वजह से पुल के ऊपर से आवाजाही पूरी तरह बंद है। यातायात विभाग ने जाम से निपटने के लिए रूट डायवर्ट किया हुआ है। बाहरी शहरों से आने वाले वाहनों को शहर के बाहर से ही निकाला जा रहा है।
शहर में भी परिवहन निगम की बसों को बाहर बनाए गए अस्थाई बस अड्डों से संचालित किया जा रहा है। इसके बावजूद जाम से निजात नहीं मिल पा रही है।
सुबह और दोपहर में स्कूलों की छुट्टी के दौरान कोर्ट रोड पूरी तरह जाम हो जाता है। खलासी लाइन में शाम के समय सड़क पर बाजार लगने और वाहनों के निकलने की वजह से जाम लग जाता है।
यहां हादसा होने का खतरा भी बना हुआ है। उधर, मेला गुघाल पुल पर भी मानकमऊ की ओर से होकर आने वाले वाहन जाम की वजह बन रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पुल की मरम्मत का काम अभी कम से 15 से 20 दिन और चलना है।