सहारनपुर। आजमगढ़ में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता के साथ बदसलूकी और कथित तौर पर जानलेवा हमला करने के विरोध में तमाम विभागों के अभियंता लामबंद हो गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन कलक्ट्रेट पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट गजेंद्र कुमार को सौंपा, जिसमें आरोपी अधिकारी पर कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से अभियंताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बताया है कि आजमगढ़ के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार द्वितीय द्वारा अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग अरुण सचदेव के साथ जो बदसलूकी और जानलेवा हमला किया गया है वह निंदनीय है। आरोप लगाया कि जिला अधिकारी ने अधिशासी अभियंता को अपने दफ्तर बुलाकर न केवल गाली-गलौज की, बल्कि डंडे से जानलेवा हमला भी किया।
जिला अधिकारियों द्वारा अभियंताओं के साथ बदसलूकी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिन्हें बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। यदि यही स्थिति रही तो काम करना मुश्किल होगा, जिससे सरकार की विकास योजनाएं प्रभावित होंगी। उन्होंने आरोपी जिला अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग मुख्यमंत्री से की है। ज्ञापन देने वालों में आरके सिंह, मोहित गुप्ता, प्रवीण सहित लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग सहित अन्य विभागों के कई अभियंता शामिल रहे।