नागल। पहाड़पुर गांव में शनिवार को भीख मांग रहे दो कश्मीरियों के हावभाव देखकर ग्रामीणों ने उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की जानकारी सुरक्षा एजेंसियों को भी दी गई। इसके बाद पुलिस और एलआईयू की टीम ने उनसे पूछताछ कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों कश्मीरी पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में देखे जा रहे थे, जो घर-घर जाकर भीख मांग रहे थे। उनकी बोली और व्यवहार को लेकर कुछ ग्रामीणों को संदेह हुआ। सूचना पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और तलाशी ली। उनकी जेब से एक पर्ची मिली, जिसमें कई मोबाइल नंबर लिखे हुए थे, जिसके बाद ग्रामीणों को मामला संदिग्ध लगा और पुलिस को बुलाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले आई। बाद में देवबंद एलआईयू की टीम ने उनसे पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पर्ची में लिखे नंबरों और उनके यहां आने के उद्देश्य की जांच की जा रही है। थाना स्तर पर उनकी पहचान और उनके परिवार संबंधी जानकारी सत्यापित की जा रही है।
उधर, सीओ देवबंद अभितेष सिंह ने कहा कि अब तक की जांच में दोनों बुजुर्ग है, जो संदिग्ध नहीं प्रतीत हो रहे हैं। पर्ची में मिले मोबाइल नंबर उनके परिजनों के मिले हैं, फिर भी सुरक्षा के लिहाज से जांच की जा रही है।