सहारनपुर। सीएम ग्रिड योजना के तहत जैन कॉलेज रोड को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जाना है। उससे पहले नगर निगम जैन कॉलेज रोड से अतिक्रमण हटाएगा। अतिक्रमण चिह्नित करने की कार्यवाही इसी महीने शुरू हो सकती है।
योजना के तहत महानगर की तीन सड़कों को लिया गया है। पहली सड़क कलक्ट्रेट से हकीकतनगर को होते हुए दीवानी कचहरी तिराहे तक बनाई जा रही है, जिसका करीब 80 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके बाद जैन कॉलेज रोड पर काम शुरू होगा। यह रोड कलक्ट्रेट तिराहे से जैन कॉलेज और आवास विकास को होते हुए हसनपुर के पास दिल्ली रोड तक बनेगी। टेंडर आदि की प्रक्रिया हो चुकी है, लेकिन काम शुरू करने से पहले सड़क से अतिक्रमण हटाया जाएगा, जिससे कि इसका अधिकतम चौड़ीकरण किया जा सके।
इसके बाद तीसरे नंबर पर स्टेडियम के सामने से होकर गुजरने वाली सड़क को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जाना है। अधिशासी अभियंता आलोक कुमार ने बताया कि स्मार्ट रोड पर बिजली की लाइनें भूमिगत होंगी। सीवरलाइन नहीं है तो वह भी बिछाई जाएगी। काम शुरू करने से पहले अतिक्रमण हटाया जाएगा, जिसके चिह्निकरण का कार्य जल्द शुरू होगा।