मुठभेड़ में 50 हजारी बदमाश ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल
सहारनपुर। थाना मंडी क्षेत्र में शकलापुरी रोड पर सोमवार देर रात मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश आबाद मारा गया, जबकि एक पुलिस उपनिरीक्षक और एक आरक्षी घायल हो गए। मारा गया बदमाश दस साल से फरार था। बदमाश के कब्जे से 0.32 बोर की दो अवैध पिस्टल, एक तमंचा और बिना नंबर की बाइक बरामद की गई।
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि थाना मंडी पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि शकलापुरी रोड पर एक बाग में कुछ हथियारबंद बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। सीओ प्रथम रजनीश कुमार, थाना मंडी प्रभारी आदेश कुमार त्यागी एवं अभिसूचना विंग प्रभारी जर्जार हुसैन पुलिस टीम के साथ बाग में पहुंचे। वहां मौजूद बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में बदमाश आबाद पुत्र लखमीरा निवासी दतौली मुगल थाना फतेहपुर सहारनपुर गोली लगने से घायल हो गया। अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। बदमाशों की फायरिंग में उपनिरीक्षक सुनील कुमार और आरक्षी कुनाल मलिक घायल हो गए। क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम रजनीश उपाध्याय और उप निरीक्षक जर्रार हुसैन की बुलेट प्रूफ जैकेट में भी गोली लगी है। घायल बदमाश को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।