संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। मंडल के तीनों जनपदों में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए तारीख घोषित कर दी गई है। जनपद सहारनपुर में 24, मुजफ्फरनगर में 20 और शामली में 21 दिसंबर को रोजगार मेले का आयोजन कराया जाएगा।
यह जानकारी संयुक्त निदेशक (प्रशिक्षण) आरके मिश्रा ने बुधवार को दी। उन्होंने कहा कि जनपद सहारनपुर के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में 24 दिसंबर, मुजफ्फरनगर के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में 20 दिसम्बर एवं शामली के राजकीय आईटीआई कैराना में 21 दिसंबर को रोजगार मेले का आयोजन कराया जाएगा। इन रोजगार मेलों में प्रतिष्ठित कंपनियां भागीदारी करेंगी। आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की योग्यता के आधार पर चयन किया जाएगा। मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थी हाईस्कूल की अंकतालिका, आईटीआई की अंकतालिका, प्रमाणपत्र, आधारकार्ड, पांच फोटो, जाति प्रमाणपत्र लेकर आएं।
मौनपालन प्रशिक्षण संपन्न
सहारनपुर। औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र पर 16 सितंबर से शुरू हुआ 90 दिवसीय मौनपालन प्रशिक्षण बुधवार को संपन्न हो गया। प्रशिक्षण में मधुमक्खियों से प्राप्त होने वाले मोम, परपोलिस, पोलन, शहद, रॉयल जैली के उपयोग एवं महत्व की जानकारी भी दी। साथ ही मौनपालन में लगने वाले रोग, कीटों आदि से बचाव के बारे में बताया गया। संयुक्त निदेशक औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र भानु प्रकाश राम ने बताया कि प्रशिक्षणार्थी मौनपालन प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वयं का रोजगार स्थापित करके आमदनी को बढ़ा सकते हैं। प्रशिक्षण में शाकभाजी विशेषज्ञ सुरेश कुमार, फ्रूट पैथोलोजिस्ट डॉ. आईए सिद्दीकी, सहायक कीट विशेषज्ञ, अशोक कुमार, प्रभारी, मौनपालन नरेंद्र सिंह आदि का सहयोग रहा।