सहारनपुर। रेलवे स्टेशन पर आटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन पर कर्मियों की नियुक्ति की जाएगी। जिससे यात्रियों को अनारक्षित टिकट खिड़की पर लगने वाले भीड़ से निजात मिल सके। इस संबंध में डीआरएम ने मंडल के अधीन सभी स्टेशनों को निर्देश दिए हैं।
डिजिटल टिकट प्रणाली को बढ़ावा देने व यात्रियों को भीड़ से निजात दिलाने के लिए यह व्यवस्था की जा रही है। सहारनपुर स्टेशन पर भी ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन लगी है। जानकारी के अभाव में या फिर मशीन को ऑपरेट ना कर पाने के चलते यात्री खिड़की की लाइन में लग कर टिकट खरीदते हैं। भीड़ अधिक होने के चलते उन्हें कई बार परेशानी का भी सामना करना पड़ता है। लेकिन इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए रेल अधिकारी ने इस संबंध में निर्देश दिए हैं। फिलहाल तो शिफ्ट वाइज कुछ समय के लिए टिकट आरक्षण कर्मी इन मशीनों पर उपलब्ध रहेंगे। इसके बाद कर्मियों की नियुक्ति की जाएगी। स्टेशन पर लगी इन मशीनों से रोजाना सैकड़ों टिकट निकलती है।